Tuesday, February 10, 2026

Latest Posts

Republic Day Parade में एसजीएचएसएस के NSS WING ने लहराया परचम, प्रथम स्थान हासिल

चंडीगढ़।

सेक्टर 40-सी स्थित श्री गुरु हरकृष्ण सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति, उत्साह और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर को विद्यालय के लिए और भी विशेष बना दिया स्कूल के एनएसएस विंग के विद्यार्थियों ने, जिन्होंने सेक्टर-17, चंडीगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेकर प्रथम स्थान हासिल किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय का नाम पूरे यूटी चंडीगढ़ में रोशन हुआ।

Also Read: निरंकारी सामूहिक विवाह समारोह: सतगुरु के सान्निध्य में 82 जोड़े बने जीवनसाथी, सादगी और एकत्व का संदेश

राज्यस्तरीय परेड में एनएसएस विद्यार्थियों ने अनुशासन, एकता और समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी मार्च-पास्ट, ड्रेस कोड, तालमेल और आत्मविश्वास ने निर्णायक मंडल को बेहद प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजेता टीम को यूटी चंडीगढ़ के माननीय मुख्य सचिव एवं आईएएस अधिकारी राजेश प्रसाद द्वारा सम्मान पत्र और पुरस्कार प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी।

विद्यालय परिसर में भी गणतंत्र दिवस को पारंपरिक तरीके से मनाया गया। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संविधान, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्यों के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। एनएसएस विंग के छात्रों की इस सफलता ने पूरे स्कूल में उत्साह का माहौल बना दिया।

इस अवसर पर स्कूल मैनेजिंग कमेटी के मेंबर इंचार्ज डॉ. परमजीत सिंह, ऑनरेरी सेक्रेटरी सरदार टीपी सिंह, मेंबर सरदार इंदरजीत सिंह तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य शमा कुक्कल ने एनएसएस विंग के सभी विद्यार्थियों और एनएसएस इंचार्ज सपना एवं उनकी टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, टीमवर्क और सेवा भाव का प्रतीक है।

Also Read: मर्दानी 3: रानी मुखर्जी एक बार फिर दमदार अंदाज़ में लौटेंगी

प्रधानाचार्या शमा कुक्कल ने अपने संबोधन में कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं जीतना नहीं, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्र भविष्य में भी इसी प्रकार जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने भी इस जीत पर खुशी जाहिर की और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सफलता ने न केवल स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है और अन्य छात्रों को भी राष्ट्रसेवा और अनुशासन के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया है।

Latest Posts

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.