पूंडरी। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर पूंडरी में एनपी आयुर्वेद चिकित्सा भवन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में नागरिक अस्पताल कैथल के आयुर्वेद विशेषज्ञ और भारतीय चिकित्सा परिषद हरियाणा के सदस्य डॉ. जितेंद्र गिल ने मुख्य अतिथि के रूप में भवन का उद्घाटन किया। यहां लोगों को आयुर्वेदिक एवं प्राकृतिक चिकित्सा से संबंधित परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
उद्घाटन कार्यक्रम में हवन और जलपान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। क्षेत्र के लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया। डॉ. जितेंद्र गिल ने कहा कि आयुर्वेद में बीमारी के उपचार के साथ स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा पर भी जोर दिया जाता है। संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली अपनाकर कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली में खान-पान और दिनचर्या पर ध्यान देना जरूरी है। लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर खुद से दवा लेने के बजाय योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
उन्होंने औषधीय पौधों के संरक्षण और उनके उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत भी बताई। आयोजकों के अनुसार चिकित्सा भवन के माध्यम से लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा और प्राकृतिक उत्पादों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उपस्थित लोगों ने आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही। इस अवसर पर डॉ. सुभाष, डॉ. महेंद्र, नरेंद्र सरपंच बाकल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
.webp)
.webp)


Leave a Reply