नई दिल्ली। वैलेंटाइन डे प्यार, समर्पण और भावनात्मक जुड़ाव का खास पर्व है। इस दिन महिलाओं में सुंदर, सम्मोहक और आकर्षक दिखने की चाह बिल्कुल स्वाभाविक होती है। चाहे आप नए रिश्ते में हों या लंबे समय से अपने जीवनसाथी के साथ प्रेम के बंधन में बंधी हों, वैलेंटाइन डे एक-दूसरे के प्रति अपने प्यार, प्रतिबद्धता और अपनापन जताने का सबसे खूबसूरत अवसर होता है।
फरवरी माह में पड़ने वाला यह प्रेम का त्योहार न सिर्फ प्रेमी जोड़ों बल्कि प्यार की चाह रखने वाले अविवाहित युवाओं के लिए भी खास महत्व रखता है। इस दिन हर महिला चाहती है कि वह आत्मविश्वास से भरी, खूबसूरत और दमकती हुई नजर आए। ऐसे में त्वचा की देखभाल और व्यक्तित्व निखारना बेहद जरूरी हो जाता है।
Also Read: भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को नई रफ्तार: ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% करने का ऐलान
यदि आप अपने पति या प्रियतम से दूर रहती हैं, तो आज के डिजिटल युग में दूरी कोई मायने नहीं रखती। आप ऑनलाइन स्टोर्स के माध्यम से उनकी पसंद के गिफ्ट भेजकर अपने प्यार और समर्पण का इजहार कर सकती हैं। इन दिनों बाजार में वैलेंटाइन डे के लिए गिफ्ट्स की भरमार है। आप चॉकलेट ट्रफल्स, मिल्क चॉकलेट, डार्क चॉकलेट, स्ट्रॉबेरी, देसी लड्डू या मिठाइयां भेज सकती हैं। इसके अलावा क्लासिकल पेंटिंग, आर्ट ऑब्जेक्ट्स, फोटो फ्रेम या फूलों का गुलदस्ता भी बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं।
यदि आप साथ हैं, तो इस दिन को खास बनाने के लिए किसी नजदीकी पर्यटन स्थल, प्रकृति के शांत वातावरण या ठंडे मौसम में किसी पक्षी अभयारण्य, जंगल या शांत जगह पर कुछ सुकून भरे पल बिता सकती हैं। ऐसी जगहें न केवल रिश्तों में नयापन लाती हैं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव को भी मजबूत करती हैं।
दमकती त्वचा के लिए पहले से करें तैयारी
यदि आप वैलेंटाइन डे पर सुंदर, मधुर और रोमांटिक दिखना चाहती हैं, तो इसके लिए पहले से त्वचा और बालों की देखभाल जरूरी है। दमकती त्वचा, रेशमी बाल और आकर्षक चेहरा पाने के लिए कुछ आसान घरेलू ब्यूटी टिप्स आपकी काफी मदद कर सकते हैं।
मलाई और हल्दी का प्रयोग
हल्दी और मलाई को मिलाकर चेहरे पर लगाएं और 10 मिनट बाद ताजे पानी से धो लें। इससे त्वचा साफ होती है और चेहरे पर प्राकृतिक आभा लौट आती है। चेहरे की रंगत निखारने के लिए बेसन, चंदन और हल्दी का फेस पैक नियमित रूप से उपयोग किया जा सकता है।
गुलाब जल से टोनिंग
गुलाब जल में कॉटन पैड भिगोकर फ्रीज में रखें। चेहरे को साफ करने के बाद इससे हल्के हाथों से मसाज करें। यह त्वचा को तरोताजा करता है और इंस्टेंट ग्लो देता है। गुलाब जल में भीगे पैड से त्वचा को थपथपाने से रोमछिद्र सिकुड़ते हैं और त्वचा में कसाव आता है।
पिक मी अप फेस मास्क
शहद में सफेद अंडा मिलाकर चेहरे पर लगाएं और 20 मिनट बाद धो लें। अत्यधिक शुष्क त्वचा के लिए अंडे का पीला भाग और थोड़ा दूध मिलाना लाभकारी होता है। इससे त्वचा को पोषण मिलता है और रूखापन दूर होता है।
फेशियल स्क्रब का इस्तेमाल
अखरोट पाउडर, शहद और दही मिलाकर स्क्रब तैयार करें। इससे मृत कोशिकाएं हटती हैं और त्वचा में नई चमक आती है। हफ्ते में एक या दो बार स्क्रब करना पर्याप्त होता है।
करी पत्ता फेस पैक
सूखा और पिसा हुआ करी पत्ता, चोकर, गुलाब जल और दही मिलाकर फेस पैक बनाएं। इसे आधे घंटे तक चेहरे पर लगाएं। यह त्वचा की चमक बढ़ाने में मदद करता है।
फ्रूट फेस पैक
सेब, पपीता और केला मिलाकर बना फेस पैक त्वचा को मुलायम और चमकदार बनाता है। इसमें दही या नींबू का रस मिलाने से और बेहतर परिणाम मिलते हैं।
मुल्तानी मिट्टी का उपयोग
तैलीय त्वचा के लिए मुल्तानी मिट्टी और गुलाब जल का पेस्ट बेहद फायदेमंद है। सामान्य त्वचा के लिए इसमें शहद और दही मिलाया जा सकता है।
Also Read: फरवरी 2026: देश-दुनिया की बड़ी खबरों का संक्षिप्त जायज़ा
खुशहाल माहौल रखें
इस दिन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है हल्का-फुल्का और खुशनुमा माहौल। वैलेंटाइन डे पर घरेलू खर्च, बच्चों की पढ़ाई या किसी विवाद पर चर्चा से बचें, ताकि मूड खराब न हो और आप दोनों एक-दूसरे के साथ इस दिन का भरपूर आनंद ले सकें।
शहनाज हुसैन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ हैं और हर्बल क्वीन के नाम से विश्वभर में प्रसिद्ध हैं।
-शहनाज हुसैन

