मोहाली। हर रोज की तरह आज सवेरे भी बच्चे स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहे थे। लेकिन आज सुबह ही 7:32 पर मोहाली के 16 स्कूलों, पंजाब के सीएम मान, संसद को ब्लास्ट करने की धमकी भरे ईमेल ने सनसनी फैला दी। ईमेल में सीधे तौर पर लिखा गया है कि @1:11PM पर मोहाली में बम ब्लास्ट होगा।
सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल प्रशासन ने आज की सभी बच्चों की छुट्टी कर दी है, इसकी जानकारी उन्होंने बच्चों के माता-पिता को मैसेज भेजकर दी। सुरक्षा एजेंसिया मौके पर स्कूलों की तलाशी ले रही है। सभी स्कूलों को सील कर दिया गया है, किसी को भी गेट से आगे नहीं आने दिया जा रहा है।
स्कूलों को यह धमकी भरी ईमेल मिली

ईमेल में सीधे तौर पर लिखा हुआ है कि स्कूलों को आज दोपहर @1:11PM पर बम से उड़ा दिया जाएगा। इसके अलावा 13 फरवरी को 2:11PM पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल में अंत में खालिस्तान नेशनल आर्मी, इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकन शाहवाला लिखा गया है।
धमकी भरी ईमेल जिन स्कूलों को आई
शिक्षा अधिकारी गिन्नी दुग्गल ने बताया कि आज सुबह ही 16 स्कूलों को धमकी भरी ईमेल आई है। इन स्कूलो में पैरागॉन, माइंड ड्री, जीडी गोयनका, विवेक गोयनका, इंडस, पैरागॉन समेत कई स्कूल है। इसके अलावा सरकारी स्कूलों को भी आदेश दिए गए है कि वे भी अपनी मेल जरूर चेक करें। पूरी मामले की जानकारी डीसी को भेज दी गई है। सुरक्षा एजेंसी और पुलिस बल अलर्ट मोड़ पर है।

