चेन्नई में अभिनेता से नेता बने Vijay Thalapathy ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) का घोषणापत्र जारी कर दिया। घोषणापत्र में कल्याणकारी योजनाओं, तकनीक आधारित शासन और रोजगार सृजन को केंद्र में रखते हुए कई बड़े वादे किए गए हैं।
घोषणापत्र में सबसे ज्यादा जोर आम जनता को सीधे आर्थिक लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं पर दिया गया है। पार्टी ने गृहिणियों को हर महीने ₹2,500 देने का वादा किया है। इसके साथ ही स्नातक युवाओं को ₹4,000 और डिप्लोमा धारकों को ₹2,500 मासिक बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की गई है।
Read More: 20 अप्रैल को आएगा JEE Main Session-2 का रिजल्ट, 11 लाख से ज्यादा छात्रों का इंतजार खत्म
युवाओं और रोजगार पर फोकस
युवाओं को ध्यान में रखते हुए TVK ने इंटर्नशिप के दौरान ₹5,000 से ₹8,000 तक स्टाइपेंड देने की योजना पेश की है। इसके अलावा पांच लाख युवाओं के लिए ₹18,000 की रोजगार सहायता योजना का भी प्रस्ताव रखा गया है। पार्टी का दावा है कि इससे युवाओं को शुरुआती आर्थिक सहयोग मिलेगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं
महिला सशक्तिकरण को घोषणापत्र का प्रमुख हिस्सा बनाया गया है। महिलाओं को ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण देने की योजना शामिल है। इसके अलावा गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए एक तोला सोना और रेशमी साड़ी देने का भी वादा किया गया है।
बुजुर्गों और कमजोर वर्गों को राहत
घोषणापत्र में वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को हर महीने ₹3,000 पेंशन देने की बात कही गई है। इस योजना का दायरा बढ़ाकर 15 लाख लाभार्थियों तक करने का लक्ष्य रखा गया है।
बुनियादी सुविधाओं में बड़े वादे
TVK ने हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, पाइपलाइन के जरिए पीने का पानी और साल में छह मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का वादा किया है। साथ ही सरकारी जमीन पर मुफ्त आवासीय पट्टे देने की भी घोषणा की गई है।
स्वास्थ्य और शिक्षा पर जोर
स्वास्थ्य क्षेत्र में मुफ्त हेल्थ चेक-अप, सस्ती दवाइयां और कैंसर के लिए विशेष बीमा कवर देने की बात कही गई है। शिक्षा के क्षेत्र में पार्टी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सिस्टम लागू करने का वादा किया है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को मदद मिलेगी।
इसके अलावा कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए मुफ्त आवासीय स्कूल खोलने की योजना भी शामिल है।
Read More: कोलकाता में TMC उम्मीदवार देवाशीष कुमार के ठिकानों पर IT की रेड, कार्यकर्ताओं का हंगामा
किसान और मछुआरों के लिए घोषणाएं
किसानों के लिए पांच एकड़ से अधिक जमीन रखने वालों को 50 प्रतिशत कर्ज राहत और सौर ऊर्जा योजनाओं का लाभ देने का वादा किया गया है।
मछुआरों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य, ऑफ-सीजन में ₹27,000 की सहायता और ₹25 लाख का बीमा कवर देने की घोषणा की गई है।
मजदूरों और कर्मचारियों के लिए प्रावधान
घोषणापत्र में आंगनबाड़ी कर्मचारियों को ₹18,000 और सफाई कर्मचारियों को ₹10,000 वेतन देने की बात कही गई है। साथ ही लंबे समय से सेवा दे रहे सरकारी कर्मचारियों के लिए ₹15 लाख तक के लाभ का प्रस्ताव रखा गया है।
AI और कानून व्यवस्था पर फोकस
TVK ने शासन और सेवाओं में AI आधारित तकनीक लागू करने का वादा किया है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ‘नशा मुक्त तमिलनाडु’ अभियान चलाने की घोषणा भी की गई है।
आर्थिक लक्ष्य और रणनीति
आर्थिक मोर्चे पर पार्टी ने 2036 तक तमिलनाडु को 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए MSME सेक्टर के लिए ₹15,000 करोड़ का सुरक्षा फंड प्रस्तावित किया गया है।
TVK का यह घोषणापत्र कल्याणकारी योजनाओं और तकनीकी विकास का मिश्रण पेश करता है। अब देखना होगा कि इन वादों का चुनावी मैदान में कितना असर पड़ता है और मतदाता इसे किस रूप में स्वीकार करते हैं।

