रादौर। सांसद नवीन जिंदल के प्रयास से अन्न भंडारण के प्रति जागरुकता लाने के उद्देश्य को लेकर नवीन फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे नवीन कृषि संकल्प कार्यक्रम का अब दूसरा फेस शुरू हो चुका है। पहले फेस में किए गए प्रयासों के परिणाम स्वरुप अब इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर ईशान पांडे ने बताया कि नवीन कृषि संकल्प शिविर से प्रभावित होकर कई ग्राम पंचायतें अन्न भंडारण के पंचायती जमीन देने को तैयार हुई हैं। इसी कड़ी में गांव खुरदी का कृषि विशेषज्ञ और नवीन जिंदल फाउंडेशन की टीम ने गोदाम बनाने के लिए उपयुक्त भूमि के निरीक्षण किया।
कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर ईशान पांडे ने बताया कि केंद्रीय भंडारण निगम की गाइडलाइंस के मुताबिक यदि कोई ग्राम पंचायत वेयर हाउस बनाने के लिए पंचायती जमीन लीज पर देती है तो उसे 33 वर्ष तक सरकार द्वारा लिए जाने का प्रावधान है। इस अवधि के दौरान ग्राम पंचायत को प्रतिवर्ष एडवांस भुगतान भी किया जाएगा। इससे पंचायत की आमदनी बढ़ेगी। इस राशि में समय-समय पर वृद्धि की जाएगी ।
इस पैसे को ग्राम पंचायत अपने प्रस्ताव के माध्यम से गांव के विकास कार्यों पर खर्च कर सकेगी। साथ ही गांव तथा आसपास के किसानों को फसल भंडारण की सुविधा भी मिलेगी। इससे उनकी फसल को गांव में ही स्टोर किया जा सकेगा और उचित मूल्य आने पर इसे बाजार में बेचा जा सकेगा।
भंडारण व्यवस्था की कमी के कारण फसल खराब ना हो
पांडे ने बताया कि सांसद नवीन जिंदल का उद्देश्य है कि भंडारण व्यवस्था की कमी के कारण फसल खराब ना हो। इसीलिए उन्होंने नवीन कृषि संकल्प शिविर के माध्यम से जागरुकता अभियान शुरू किया है। इस अवसर पर हलका सोनी और सरपंच अशोक कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply