अहमदाबाद। मिष्टी स्टूडियो में रविवार को आयोजित ‘महफ़िल-ए-गुजरात’ में कविता, संगीत, रैप और स्टैंडअप कॉमेडी का अनूठा संगम देखने को मिला। शहर के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया और उन्हें भावनाओं से भी जोड़ा। कार्यक्रम के दौरान कभी दर्शक हंसी से गूंज उठे तो कभी कविताओं की पंक्तियों ने उन्हें सोचने पर मजबूर किया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रज्ञा सिंह सबल ने किया, जबकि क्रुणाल पांचाल सह-आयोजक रहे। स्टैंडअप कॉमेडियन धीमंत व्यास ने अपने अंदाज से दर्शकों को खूब हंसाया। वहीं रैपर शिवम पंडिता ने अपनी प्रस्तुति से मंच पर ऊर्जा भर दी। सोहम पटेल ने कविता प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना हासिल की।
कविता सत्र में पूजा पांडे, संयुक्ता राजू और खुशी ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। उनकी कविताओं में रिश्तों और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े भाव देखने को मिले। ऋषभ भटनागर ने भी अपनी कविता के माध्यम से महफ़िल में अलग रंग जोड़ा। कलाकारों की आवाज और शब्दों ने दर्शकों को कार्यक्रम से जोड़े रखा।
स्टैंडअप कॉमेडी के दौरान विशाल देसाई, कृतांक तिवारी और प्रीत पटेल ने अपने मजेदार अंदाज से लोगों का मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों की हंसी और तालियां लगातार सुनाई देती रहीं। वहीं राजपूत राजदीपसिंह ने गीत प्रस्तुत कर संगीत प्रेमियों के लिए शाम को और यादगार बना दिया।
नए कलाकारों को मंच देने की पहल
‘महफ़िल-ए-गुजरात’ का उद्देश्य ऐसे कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना है, जो अपनी कला को लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं। आयोजन में कलाकारों और दर्शकों के बीच सीधे संवाद और जुड़ाव का माहौल देखने को मिला। कविता, कॉमेडी, रैप और संगीत की अलग-अलग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विविधता प्रदान की।
आयोजक प्रज्ञा सिंह सबल और सह-आयोजक क्रुणाल पांचाल ने बताया कि अगली ‘महफ़िल-ए-गुजरात’ 25 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। उन्होंने कविता लिखने, गायन या कॉमेडी के क्षेत्र में रुचि रखने वाले नए कलाकारों से अगली महफ़िल में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए आगे आने की अपील की। कला प्रेमी भी दर्शक के रूप में शामिल होकर स्थानीय कलाकारों का उत्साह बढ़ा सकेंगे।
.webp)
.webp)


Leave a Reply