चंडीगढ़।
हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती को लेकर युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने साफ किया है कि वर्ष 2024 में रद्द हुई पुलिस भर्ती के जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, उन्हें नई भर्ती में उम्र में छूट (एज रिलैक्सेशन) दी जाएगी। इस भर्ती में उम्र की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
चेयरमैन हिम्मत सिंह ने पुलिस भर्ती को लेकर आयोजित लाइव सेशन में हजारों युवाओं के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बताया कि यह अब तक की सबसे बड़ी हरियाणा पुलिस भर्ती है, जिसमें कुल 5500 पद भरे जाएंगे। इनमें 4500 पुरुष कॉन्स्टेबल, 600 महिला कॉन्स्टेबल और 400 पद जीआरपी के लिए आरक्षित हैं। आवेदन प्रक्रिया 11 जनवरी 2026 से शुरू होकर 25 जनवरी 2026 रात 11:59 बजे तक चलेगी। इस बार आवेदन शुल्क पूरी तरह से निशुल्क रखा गया है।
लाइव सेशन में फिजिकल टेस्ट को लेकर पूछे गए सवालों पर हिम्मत सिंह ने स्पष्ट किया कि गर्भवती महिला अभ्यर्थियों को दौड़ (रेस) में छूट दी जाएगी। हालांकि, उन्हें इससे संबंधित सभी जरूरी मेडिकल दस्तावेज जमा करने होंगे और जॉइनिंग से पहले फिजिकल मानक पूरे करने होंगे। महिला अभ्यर्थियों के लिए 1 किलोमीटर की दौड़ 6 मिनट में, पुरुषों के लिए 2.5 किलोमीटर 12 मिनट में और एक्स-सर्विसमैन के लिए 1 किलोमीटर 5 मिनट में पूरी करना अनिवार्य होगा।
भर्ती में सामान्य वर्ग की महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम हाइट 158 सेंटीमीटर और आरक्षित वर्ग की महिलाओं के लिए 156 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। पुरुष उम्मीदवारों के लिए 170 सेंटीमीटर हाइट और 83 सेंटीमीटर छाती जरूरी है, जबकि आरक्षित वर्ग को इसमें 2 सेंटीमीटर की छूट मिलेगी।
एनसीसी सर्टिफिकेट रखने वाले अभ्यर्थियों को 3 अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। वहीं, आयोग ने साफ किया कि आरक्षण से जुड़े सर्टिफिकेट हरियाणा सरकार के निर्धारित फॉर्मेट में ही मान्य होंगे। गलत या पुराने सर्टिफिकेट लगाने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है। SC, DSC और OSC सर्टिफिकेट 13 नवंबर 2024 के बाद जारी होने जरूरी हैं।
HSSC चेयरमैन ने युवाओं से अपील की कि वे फॉर्म भरते समय पूरी सावधानी बरतें। फोटो, साइन, पता और कैटेगरी से जुड़ी छोटी-सी गलती भी आवेदन रद्द होने का कारण बन सकती है। फॉर्म किसी और से भरवाने की स्थिति में भी अपलोड करने से पहले उसका प्रिंट निकालकर अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई।
फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) और फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) को लेकर आयोग ने संकेत दिए हैं कि इसका पूरा शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा। फिलहाल युवाओं को फिजिकल तैयारी शुरू करने की सलाह दी गई है। परीक्षा तिथि अभी घोषित नहीं की गई है, आवेदन संख्या के आधार पर परीक्षा केंद्र और एग्जाम डेट तय की जाएगी।
Also Read: अकाल तख्त में पेशी से पहले CM भगवंत मान की खास अपील, स्पष्टीकरण Live दिखाने की मांग
.webp)
.webp)


Leave a Reply