नौ टीमों ने लिया हिस्सा, आयुर्वेद ज्ञान के साथ त्वरित निर्णय और टीम समन्वय का किया प्रदर्शन
खबर
पंचकूला। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूला में 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में बीएएमएस विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आयुर्वेद से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और टीम समन्वय का प्रदर्शन किया।
आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा और डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनके विषय संबंधी ज्ञान को मजबूत करना था।
डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व ने दीप प्रज्वलन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के विद्यार्थियों के लिए विषय के पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समझना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी भविष्य में समाज के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। एनआईए की ओर से विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार शैक्षणिक एवं सहभागितापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
क्विज प्रतियोगिता में बीएएमएस विद्यार्थियों की नौ टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान ‘विकल्प विज्ञान’, ‘आंखों देखी’, ‘झटपट जवाब’, ‘बूझो तो जानें’ और ‘आयुर्विज्ञान’ सहित विभिन्न चरण आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने प्रत्येक चरण में उत्साह के साथ हिस्सा लिया और पूछे गए सवालों के जवाब देकर अपनी विषयगत जानकारी का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता की संयोजक एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गरिमा गुप्ता ने बताया कि विद्यार्थियों ने आयुर्वेद संबंधी ज्ञान के साथ त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और टीम के रूप में बेहतर समन्वय का परिचय दिया।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आंकाक्षा राणा ने बताया कि क्विज के अलग-अलग चरणों में विद्यार्थियों के सामने विभिन्न प्रकार के प्रश्न और चुनौतियां रखी गईं। प्रतिभागियों ने सवालों के जवाब देते हुए आयुर्वेद संबंधी ज्ञान, टीमवर्क और त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता दिखाई।
.webp)
.webp)


Leave a Reply