कैथल | कैथल जिले के ग्रामीण और कम सुविधा वाले युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुल गए हैं। आतिथ्य क्षेत्र की अग्रणी कंपनी Indian Hotels Company Limited (आईएचसीएल) और Head Held High Foundation के संयुक्त सहयोग से जाट कॉलेज, कैथल में आयोजित 45 दिवसीय फ्री जॉब रेडीनेस ट्रेनिंग प्रोग्राम ने शानदार परिणाम दिए हैं। इस कार्यक्रम में शामिल 23 युवक-युवतियों में से 18 को प्राइवेट सेक्टर में अच्छी सैलरी के साथ नौकरी मिल चुकी है।
यह पहल कैथल के विधायक Aditya Surjewala के प्रयासों से संभव हो सकी है। उन्होंने इस कार्यक्रम को जिले में शुरू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वयं उपस्थित रहकर सफल प्रतिभागियों को जॉब ऑफर लेटर सौंपे। इस अवसर पर युवाओं और उनके परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिला।
Read More: CBSE 10वीं रिजल्ट 2026 जल्द: ऐसे करें चेक, जानें जरूरी लॉगिन डिटेल्स और डाउनलोड प्रक्रिया
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को हॉस्पिटैलिटी और सर्विस सेक्टर में रोजगार के लिए तैयार करना था। इसके तहत प्रतिभागियों को कम्युनिकेशन स्किल्स, डिजिटल साक्षरता, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, वर्क रेडीनेस, लॉजिकल स्किल्स और इंटरव्यू तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ा और वे पेशेवर वातावरण के लिए पूरी तरह तैयार हो गए।
कार्यक्रम में कुल 23 युवाओं ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया, जिनमें से 18 को हॉस्पिटैलिटी और संबंधित क्षेत्रों में नौकरी प्राप्त हुई। यह उपलब्धि न केवल युवाओं के लिए बल्कि उनके परिवारों के लिए भी गर्व का विषय बनी। नौकरी पाने वाले युवाओं ने विधायक आदित्य सुरजेवाला और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।
इस अवसर पर विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि युवाओं को बड़े ब्रांड्स और संस्थानों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह जॉब रेडीनेस प्रोग्राम युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रहा है और आने वाले समय में ऐसे प्रयासों को और विस्तार दिया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि आईएचसीएल और हेड हेल्ड हाई फाउंडेशन द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कैथल में इस पहल की शुरुआत विशेष रूप से स्थानीय युवाओं के लिए फायदेमंद साबित हुई है और आने वाले समय में इसका दायरा और बढ़ाया जाएगा।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में जाट शिक्षण संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मौके पर संस्थान के प्रधान राजकुमार बेनीवाल, उपप्रधान बलजिंद्र भनवाला, सेक्रेटरी रश्मि ढुल, कैशियर बलकार नैन, कार्यकारिणी सदस्य जसबीर मानस जस्सी, सदस्य राजपाल जागलान, महावीर तारागढ़, कुलदीप गोपरा और कुलबीर चहल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधायक ने यह भी जानकारी दी कि इस ट्रेनिंग प्रोग्राम का अगला बैच जल्द ही जाट कॉलेज, कैथल में शुरू किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें। यह पहल निश्चित रूप से जिले के युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

