कैथल | हरियाणा के Kaithal Police ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इनामी आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पहले से जानलेवा हमले का केस दर्ज था और वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ (AVTS) की टीम ने की। टीम को सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी संदीप (निवासी मटौर) एक कार में सवार होकर पूंडरी की ओर जा रहा है और उसके पास अवैध हथियार भी हो सकता है।
Kaithal Police की नाकाबंदी के दौरान मुठभेड़
Police Team ने फरल नहर के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध i-20 कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की और गाड़ी पेड़ से टकरा गई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी की टांग में लगी। वहीं एक गोली टीम इंचार्ज एसआई मुकेश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। अंततः आरोपी को काबू कर लिया गया।
हथियार बरामद, नया केस दर्ज
गिरफ्तार आरोपी के पास से एक अवैध हथियार और कारतूस बरामद किया गया है। उसके खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का नया मामला पूंडरी थाने में दर्ज किया गया है।
पहले से था वांछित आरोपी
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि आरोपी संदीप 19 फरवरी को हुए फायरिंग केस में वांछित था। इस मामले में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अमित नामक युवक पर कई राउंड फायर किए थे, जिसमें अमित घायल हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹5,000 का इनाम घोषित था।
यह भी पढ़े Gyan Bharatam Mission : प्राचीन विरासत को सहेजने के लिए प्रशासन सख्त
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
जांच में सामने आया है कि यह हमला पुरानी दुश्मनी का परिणाम था। वर्ष 2014 में हुई एक हत्या के मामले में अमित और उसका साथी आरोपी रहे थे, हालांकि 2015 में वे बरी हो गए थे। इसी रंजिश के चलते आरोपी संदीप ने बदला लेने के लिए यह हमला किया था।
समय रहते टली बड़ी घटना
पुलिस का कहना है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया गया। इस ऑपरेशन को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

