पंचकूला। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला द्वारा प्रयोग फाउंडेशन के सौजन्य से आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में जीरकपुर स्थित सावित्री ग्रीन्स सोसायटी में निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में 151 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर में पूर्व पार्षद यादविंदर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता प्रयोग फाउंडेशन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने की। मुख्य चिकित्सक के तौर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. मानसी ग्रेवाल मौजूद रहीं।
पूर्व पार्षद यादविंदर सिंह ने कहा कि आयुर्वेद के माध्यम से लोगों को रोगों के उपचार के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। आयुर्वेद उपचार के साथ बीमारी से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली पर भी जोर देता है।
प्रयोग फाउंडेशन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य आयुर्वेदिक चिकित्सा को आमजन तक पहुंचाना है। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ जरूरत के अनुसार चिकित्सा परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. मानसी ग्रेवाल ने बताया कि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा, डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी, डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व तथा डीएमएस डॉ. गौरव गर्ग के नेतृत्व में आमजन को आयुर्वेद से जोड़ने के लिए चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद में रोग के उपचार के साथ उसकी रोकथाम और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि एनआईए में रोजाना 500 से अधिक लोग स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. महेश एम ने बताया कि शिविर में पाचन संबंधी बीमारियों, त्वचा रोग, जोड़ों के दर्द, हड्डियों से संबंधित बीमारियों, शुगर, बीपी और सर्वाइकल संबंधी समस्याओं के लिए लोग पहुंचे। चिकित्सकों के परीक्षण के बाद उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
सावित्री ग्रीन्स वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव जसजोत सिंह ने बताया कि शिविर का उद्देश्य सोसायटी के लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति से जोड़ना था। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर सावित्री ग्रीन्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान राजपाल दहिया, कोषाध्यक्ष एलआर कौशिक, मेडिकल ऑफिसर डॉ. भवकीर्ति, नर्सिंग ऑफिसर दुष्यंत लवानिया, फार्मासिस्ट पायल, एंबुलेंस ड्राइवर हरीश और एमटीएस अजय मौजूद रहे।
21 और 22 सितंबर को भी लगेंगे निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला की ओर से आमजन के लिए दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। 21 सितंबर को मोटापा जांच एवं परीक्षण शिविर और 22 सितंबर को दीर्घकालिक गुर्दा रोग जांच एवं परीक्षण शिविर लगाया जाएगा।
इन शिविरों में निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक प्रयोगशाला परीक्षण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शिविरों का उद्देश्य मोटापा, गुर्दा रोग और जीवनशैली से जुड़े विकारों की समय पर पहचान करने के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
.webp)
.webp)


Leave a Reply