नवीन कृषि संकल्प अभियान के ग्यारहवें जागरूकता सत्र में विशेषज्ञों ने किसानों को बताए सुरक्षित भंडारण के आधुनिक उपाय
रादौर। किसानों को वैज्ञानिक अन्न भंडारण के प्रति जागरूक करने के लिए नवीन जिन्दल फाउंडेशन की ओर से अग्रवाल धर्मशाला जठलाना में नवीन कृषि संकल्प अभियान के तहत अन्न भंडारण जागरूकता कार्यक्रम का ग्यारहवा सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय भंडारण निगम के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने किसानों को सुरक्षित भंडारण, वेयरहाउस व्यवस्था और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर मोबाइल मेडिकल युनिट द्वारा भी किसानों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने करते हुए कहा कि क्षेत्र के कल्याण के लिए सांसद नवीन जिन्दल प्रयासरत हैं। आज देश का किसान उत्पादन के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, लेकिन फसल का वैज्ञानिक भंडारण आज भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। ऐसे समय में सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में शुरू किया गया नवीन कृषि संकल्प अभियान किसानों को नई सोच और आधुनिक तकनीक से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। यह अभियान कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर अभियान कोर्डिनेटर ईशान पांडे ने कहा कि वैज्ञानिक भंडारण अपनाने से अनाज की बर्बादी रुकेगी, गुणवत्ता बनी रहेगी और किसान अपनी उपज को उचित समय पर बेहतर कीमत पर बेच सकेंगे। उन्होंने किसानों से अभियान से जुड़कर आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के सभी ब्लॉकों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। किसानों की सकारात्मक भागीदारी से यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई ग्राम पंचायतों ने अपने गांवों में वेयरहाउस स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की सहमति भी जताई है, जिससे भविष्य में ग्रामीण स्तर पर मजबूत भंडारण व्यवस्था विकसित होगी।
केंद्रीय भंडारण निगम के सहायक प्रबंधक गौरव गगैन ने वेयरहाउस स्थापित करने की प्रक्रिया, वैज्ञानिक भंडारण के लाभ तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतें निगम को भूमि लीज पर देकर नियमित आय अर्जित कर सकती हैं, जिसका उपयोग गांव के विकास कार्यों में किया जा सकेगा।
इस कार्यक्रम में सरपंच वीर सिंह, नरेश महामंत्री, गौरव बंसल, अजय पंडित, कृष्ण पंडित, हरपाल कांबोज, नवीन जिन्दल फाउंडेशन टीम के सदस्य और हल्का प्रभारी सोनी कुमार
सहित भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply