चंडीगढ़। हरियाणा के विश्वविद्यालयों में कार्यरत पार्ट टाइम और लेक्चर बेसिस शिक्षकों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर हरियाणा यूनिवर्सिटी पार्ट टाइम टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उच्च अधिकारियों से मुलाकात की। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. दीपक बामल और संयोजक डॉ. रवि कुमार ने शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा।
Job Security में पार्ट टाइम शिक्षकों को शामिल करने की मांग
बैठक के दौरान एसोसिएशन पदाधिकारियों ने पार्ट टाइम एवं लेक्चर बेसिस पर कार्यरत शिक्षकों को Job Security के दायरे में शामिल किए जाने की दिशा में सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का स्वागत किया। पदाधिकारियों ने कहा कि इन शिक्षकों को भी Job Security में शामिल करने पर विचार किया जाना प्रदेश के हजारों शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री और उच्च अधिकारियों के सामने उन विभिन्न विषयों को भी रखा, जिनके कारण संबंधित बिल अथवा प्रस्ताव को आगे बढ़ाने में कठिनाइयां आ रही हैं। पदाधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
सोमवार को उच्च शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री और उच्च अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षकों की मांगों और लंबित विषयों के समाधान को लेकर सोमवार को हरियाणा स्टेट हायर एजुकेशन डायरेक्टर प्रोफेसर के.सी. शर्मा और अन्य उच्च अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में एसोसिएशन की ओर से उठाए गए सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को समाधान के लिए विस्तार से रखा जाएगा।
राज्यपाल कार्यालय से भी मिला ज्ञापन
एसोसिएशन पदाधिकारियों को यह भी जानकारी दी गई कि उनकी ओर से दिया गया ज्ञापन राज्यपाल के कार्यालय को भी प्राप्त हुआ है। एसोसिएशन के अनुसार, राज्यपाल की ओर से भी इस विषय पर बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई और समाधान के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
समान काम, समान वेतन की भी मांग
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने मांग की कि जब तक संबंधित बिल नहीं आता, तब तक पार्ट टाइम और लेक्चर बेसिस शिक्षकों को समान काम के लिए समान वेतन दिया जाए।
एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. दीपक बामल ने कहा कि पार्ट टाइम एवं लेक्चर बेसिस शिक्षकों की गरिमा और सम्मान से जुड़े सभी मुद्दों को सरकार के समक्ष लगातार मजबूती से उठाया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल शिक्षकों के सम्मान का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और सम्मान से भी जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन सकारात्मक समाधान की दिशा में सरकार के साथ संवाद जारी रखेगी।
.webp)
.webp)


Leave a Reply