कैथल। एचएसवीपी कर्मचारी यूनियन जिला कमेटी कैथल की ओर से ठेकेदार के अधीन कार्यरत सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर उठाई गई आवाज का कांग्रेस ने समर्थन किया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुखदेव ढांड ने सरकार से मांग की है कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और उन्हें अनिश्चितता में न रखा जाए।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद यदि ठेका प्रक्रिया में देरी के कारण कर्मचारियों के रोजगार पर संकट पैदा होता है तो यह उनके साथ अन्याय है। युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कर्मचारी यूनियन द्वारा अधिकारियों को कई बार मांगों से अवगत कराया गया है। यूनियन की प्रमुख मांग है कि ठेका प्रथा को बंद करवाया जाए तथा हटाए गए सफाई कर्मचारियों को विभाग की ओर से पूर्व की तरह काम पर रखा जाए। सुखदेव ढांड ने कहा कि कांग्रेस कर्मचारियों के हक और उनकी रोजी-रोटी से जुड़े इस मुद्दे पर उनके साथ खड़ी है। सरकार को कर्मचारियों की मांगों को टालने के बजाय बातचीत के माध्यम से तत्काल समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा, “सफाई कर्मचारियों के रोजगार और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। सरकार तत्काल संज्ञान लेकर उनकी जायज मांगों को पूरा करे, ताकि कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा न हो।” कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने सरकार से मांग की कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर ठेका प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए और तब तक किसी भी सफाई कर्मचारी को काम से न हटाया जाए।
.webp)
.webp)


Leave a Reply