यूपी में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूरों की मौत

    0
    1
    यूपी में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूरों की मौत

    हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया, जब बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक गिर पड़ा। इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य कई घंटों तक जारी रहा।

    जानकारी के मुताबिक यह हादसा हमीरपुर के ललपुरा क्षेत्र में मोराकांदर और कंदौर गांव के बीच बन रहे पुल पर हुआ। देर रात इलाके में तेज आंधी और भारी बारिश शुरू हो गई थी। अधिकारियों का कहना है कि इसी दौरान पुल का एक बड़ा स्लैब भरभराकर नीचे गिर गया। उस समय कई मजदूर पुल के नीचे और आसपास मौजूद थे, जो मलबे में दब गए।

    Read More: वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त करवाई जाएगी Somnath Yatra, 8 जून को रवाना होगी विशेष ट्रेन

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी मशीनों और भारी उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। करीब सात घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कई मजदूर बांदा और हमीरपुर जिले के रहने वाले थे।

    हमीरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि रात करीब दो बजे पुल का स्लैब गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल पुलिस और राहत टीमों को मौके पर भेजा गया। प्रशासन ने आशंका जताई है कि तेज तूफान और बारिश के कारण पुल की संरचना कमजोर हुई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि निर्माण कार्य में लापरवाही की संभावना को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

    जिला प्रशासन के अनुसार पुल निर्माण का काम पिछले दो वर्षों से चल रहा था और इसे एक निजी कंपनी द्वारा बनाया जा रहा था। हादसे के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।

    Read More: Delhi-katra NE-5 एक्सप्रेसवे को मंजूरी, हरियाणा के 5 शहरों को मिलेगा सीधा फायदा

    मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए। साथ ही पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here