फरीदाबाद। सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर, मार्किट नंबर एक में हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट ने मंदिर की सुंदरता को और बढ़ा दिया।
मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर आधारित मनमोहक झांकियां तैयार की गईं। इनमें भगवान श्रीगणेश जी, लड्डू गोपाल जी, श्री खाटू श्याम जी, श्री बांके बिहारी जी, निधिवन, कारागार में भगवान विष्णु-वासुदेव द्वारा श्रीकृष्ण को लाने का प्रसंग, कालका जी तथा बाबा अमरनाथ की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। विशेष कलाकारों द्वारा तैयार की गई इन झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
राजकुमार वोहरा ने किया झांकियों का अवलोकन
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने मंदिर में तैयार की गई झांकियों का अवलोकन किया और मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया सहित मंदिर कमेटी के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर प्रधान डॉ. राजेश भाटिया एवं मंदिर कमेटी के सदस्यों ने राजकुमार वोहरा का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
भगवान श्रीकृष्ण का अवतार भक्तों की रक्षा के लिए हुआ : डॉ. राजेश भाटिया
मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य अवतार की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में इस धरती पर पूर्ण अवतार लिया। भगवान श्रीकृष्ण का अवतार केवल कंस जैसे असुरों के संहार के लिए नहीं हुआ, बल्कि भक्तों की रक्षा, उन्हें अपनी दिव्य लीलाओं का रस प्रदान करने और संसार को शरणागति का सरल मार्ग दिखाने के लिए हुआ।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी महोत्सव भक्तों की आस्था, उमंग और श्रद्धा से सराबोर रहा। सुबह से ही भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
देर रात तक गूंजते रहे भजन
मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक किया गया।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर मंदिर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ‘जन्में हैं कृष्ण कन्हाई, गोकुल में देखो बाजे बधाई’ सहित विभिन्न भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया।
सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर में धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
फरीदाबाद। सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर, मार्किट नंबर एक में हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से...


.webp)
.webp)
Leave a Reply