गुरुग्राम/गाजियाबाद:
हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की उभरती कलाकार Divyanka Sirohi का 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मंगलवार देर रात गाजियाबाद स्थित उनके घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद यह दुखद घटना हुई। जानकारी के अनुसार, चक्कर आने के कारण वह जमीन पर गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके अचानक निधन से हरियाणवी इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।
अचानक बिगड़ी तबीयत, गिरने से लगी गंभीर चोट
परिवार के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8 बजे दिव्यांका की तबीयत अचानक खराब हुई और वह घर में ही गिर पड़ीं। गिरने के दौरान उनके सिर में अंदरूनी चोट आई और खून बहने लगा। जब तक परिवार के सदस्य उन्हें संभाल पाते, तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह गाजियाबाद में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
Read More: स्वस्थ डाइट पर भी उठे सवाल, नई स्टडी में फलों-सब्जियों और लंग कैंसर के बीच संबंध का दावा
50 से ज्यादा गानों में किया काम
Divyanka Sirohi हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने अपने करियर में 50 से अधिक गानों में काम किया था। वह Masoom Sharma, Amit Saini Rohtakiya और KD जैसे लोकप्रिय कलाकारों के साथ भी नजर आ चुकी थीं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी, जहां उनके करीब 13 लाख फॉलोअर्स थे।
शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि
दिव्यांका का जन्म 19 नवंबर 1996 को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुआ था। उनका परिवार फिलहाल गाजियाबाद में रहता है। उन्होंने Chaudhary Charan Singh University से बी.कॉम की पढ़ाई की, इसके बाद सिक्किम से एमबीए और गुरुग्राम से बी.एड किया।
परिवार में उनके दो भाई हिमांशु और दीपांशु तथा एक बहन जसमीत हैं। उनके पिता गजेंद्र पेशे से ट्रांसपोर्टर हैं, जबकि मां अनीता गृहिणी हैं।
टिकटॉक से मिली पहचान, 2018 में शुरू हुआ करियर
दिव्यांका ने अपने करियर की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से की थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनका एक टिकटॉक वीडियो, जिसमें उन्होंने Sunanda Sharma के गाने पर अभिनय किया था, काफी वायरल हुआ था। इस वीडियो को करीब 2 करोड़ व्यूज मिले थे और यहीं से उनकी पहचान बनी।
साल 2018 में उन्होंने हरियाणवी इंडस्ट्री में कदम रखा और ‘विलेन’ गाने से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने लगातार कई म्यूजिक वीडियोज में काम कर अपनी अलग पहचान बनाई।
परिवार और काम के बीच संतुलन
दिव्यांका अपने काम के दौरान सुरक्षा को लेकर सतर्क रहती थीं और अक्सर शूटिंग पर अपने भाई को साथ ले जाती थीं। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि परिवार का उन्हें पूरा सहयोग मिला और उन्होंने खुद भी आर्थिक रूप से खुद को संभाला।
Read More: EVM से छेड़छाड़ पर चुनाव आयोग सख्त, बटन पर इत्र या गोंद लगाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
इंडस्ट्री में शोक की लहर
उनके असामयिक निधन से हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। साथी कलाकारों और फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

