नई दिल्ली : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। National Testing Agency (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा को रद्द कर दिया है। एजेंसी ने यह निर्णय पेपर लीक की आशंका और शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर लिया है। NTA ने बताया कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
दोबारा परीक्षा के लिए नहीं करना होगा रजिस्ट्रेशन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों को फिर से रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। पहले से निर्धारित परीक्षा केंद्रों में भी किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा। हालांकि, पुनः परीक्षा के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, परीक्षा में शामिल हुए छात्रों की फीस वापस करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। NTA का कहना है कि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
Read More: Himanta Biswa Sarma ने तीसरी बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, असम में फिर बनी NDA सरकार
CBI करेगी पूरे मामले की जांच
NTA ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच अब Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंपी जाएगी। इससे पहले 8 मई 2026 को ही इस मामले से जुड़ी कुछ जांच केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दी गई थी। सरकार और जांच एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। इसी आधार पर परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।
राजस्थान से सामने आए थे सबसे बड़े खुलासे
पेपर लीक मामले में सबसे बड़ा खुलासा राजस्थान से हुआ है। जांच एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि परीक्षा से पहले कुछ छात्रों के पास हाथ से लिखा हुआ गैस पेपर पहुंचा था, जिसमें कई सवाल वास्तविक परीक्षा से मेल खा रहे थे। 10 मई को राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने देहरादून, सीकर और झुंझुनू में कार्रवाई करते हुए 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया था।
जांच में सामने आया कि NEET परीक्षा के 720 अंकों में से लगभग 600 अंकों से जुड़े सवाल परीक्षा से दो दिन पहले ही कुछ छात्रों तक पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि यह सामग्री केरल के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ रहे MBBS छात्र ने 1 मई को सीकर स्थित अपने दोस्त को भेजी थी। इसके बाद यह प्रश्न बैंक कई छात्रों तक पहुंचा।
‘क्वेश्चन बैंक’ में मिले 150 सवाल परीक्षा से मैच
SOG की जांच में यह भी सामने आया कि छात्रों तक पहुंचे ‘क्वेश्चन बैंक’ में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से अधिक सवाल शामिल थे। सभी प्रश्न हाथ से लिखे गए थे और उनकी हैंडराइटिंग एक जैसी थी। इनमें से करीब 150 सवाल हूबहू NEET UG 2026 की परीक्षा में पूछे गए। हालांकि जांच एजेंसियां अभी यह तय करने में जुटी हैं कि इसे पूर्ण पेपर लीक माना जाए या केवल गेस पेपर का मामला।
2024 में भी विवादों में रही थी NEET परीक्षा
गौरतलब है कि NEET परीक्षा इससे पहले भी विवादों में रह चुकी है। वर्ष 2024 में भी पेपर लीक के आरोप लगे थे। उस समय बिहार और झारखंड में जांच के दौरान कई गिरफ्तारियां हुई थीं। हालांकि, Supreme Court of India ने पूरी परीक्षा रद्द करने से इनकार कर दिया था और केवल कुछ परीक्षा केंद्रों पर दोबारा परीक्षा कराई गई थी। उस वर्ष 67 छात्रों के 720 में 720 अंक आने और एक ही सेंटर से कई टॉपर्स निकलने को लेकर भी बड़ा विवाद हुआ था।
छात्रों में बढ़ी चिंता, नई परीक्षा तिथि का इंतजार
NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। लंबे समय से परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र अब नई परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे हैं। वहीं शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी घटनाएं देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। अब सभी की नजर CBI जांच और NTA द्वारा घोषित होने वाली नई परीक्षा तारीख पर टिकी हुई है।


